दुर्ग , मार्च 28 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चिटफंड कंपनी 'यश ड्रीम' से प्रभावित निवेशकों को उनकी राशि लौटाने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। जिला प्रशासन ने करीब ढाई हजार निवेशकों की सूची तैयार कर ली है और उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र निवेशकों को राशि लौटाने की अगली किस्त जारी की जाएगी।

हालांकि, इस चरण में प्रति निवेशक मिलने वाली राशि अभी निर्धारित नहीं की गई है। इससे पहले प्रशासन द्वारा पहली किस्त के रूप में हजारों निवेशकों को करोड़ों रुपये लौटाए जा चुके हैं, जिससे लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे लोगों को आंशिक राहत मिली थी।

अधिकारियों ने बताया कि कंपनी की संपत्तियों की नीलामी से प्राप्त राशि शासन के खाते में जमा है और उसी के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

वहीं, कंपनी से जुड़ी एक जमीन की पुनः नीलामी की तैयारी भी की जा रही है। पूर्व में कई बार प्रयास किए जाने के बावजूद खरीदार सामने नहीं आए थे। प्रशासन का कहना है कि जमीन की बिक्री से मिलने वाली अतिरिक्त राशि भी निवेशकों को लौटाने में उपयोग की जाएगी।

जिला प्रशासन ने प्रभावित निवेशकों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दस्तावेजों का सत्यापन समय पर कराएं, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित