दुर्ग , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला प्रशासन से आज मिली जानकारी के अनुसार जिले के भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम तथा जामुल नगर पालिका में चुनाव की तैयारियों के बीच मतदान केंद्रों से संबंधित व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की तैनाती और मतगणना स्थल को लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दूसरी ओर प्रमुख राजनीतिक दलों ने भी संगठनात्मक बैठकों और वार्ड स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति दी है।
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान दलों के प्रशिक्षण और चुनाव संबंधी अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में काम कर रहा है।
भिलाई नगर निगम आयुक्त की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार आगामी नगरीय निकाय चुनाव में महापौर और वार्ड पार्षद पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र भिलाई निगम के महापौर कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे। वहीं मतदान सामग्री के वितरण, मतदान दलों की रवानगी और मतदान संपन्न होने के बाद उनकी वापसी के लिए कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई नगर को केंद्र निर्धारित किया गया है। मतगणना भी इसी महाविद्यालय परिसर में कराई जाएगी।
प्रशासन की ओर से चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। इसके साथ ही मतदाता सूची तैयार करने तथा दावा-आपत्ति से संबंधित कार्यों के लिए बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) और प्राधिकृत अधिकारियों के प्रशिक्षण स्थल में बदलाव किया गया है।
मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित मतदाताओं के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ और उनके पर्यवेक्षकों को नाम जोड़ने, निर्वाचक नामावली तैयार करने तथा दावा-आपत्ति के निराकरण संबंधी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिले में बीएलओ का प्रशिक्षण हाल ही में संपन्न हो चुका है। अब प्रशासन चुनावी तैयारियों के अगले चरण में मतदान व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों और निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मचारियों की तैनाती पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
इधर, चुनाव की सुगबुगाहट के साथ नगरीय क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां भी बढ़ने लगी हैं। भिलाई नगर निगम सहित अन्य निकायों में वर्तमान पार्षद अपने-अपने वार्डों में पहुंचकर कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों की जानकारी मतदाताओं को दे रहे हैं। कुछ पार्षद केंद्र सरकार की योजनाओं और उनके लाभों को लेकर सभाएं आयोजित कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित