दुर्ग , मई 12 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी क्षेत्र में मंगलवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह सीएसपीडीसीएल की मेन लाइन में शॉर्ट सर्किट और अधिक लोड के कारण आग लगना बताया जा रहा है।
मृतकों की पहचान अनिल वैष्णव (45), चांदनी वैष्णव (18), लक्ष्मी (20) और डेढ़ वर्षीय मासूम गोपिका के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार पहले बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से कच्चे मकान तक पहुंच गई। आग और सिलेंडर ब्लास्ट के कारण परिवार को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल तथा विधायक रिकेश सेन ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है, जबकि जिला प्रशासन की ओर से चार लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक मृतक के परिजनों को कुल नौ लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, बिजली विभाग के पोल पर अधिक लोड के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित