रायपुर , मार्च 11 -- छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने दुर्ग जिले के कुम्हारी-अहिवारा-बेरला मुख्य जिला मार्ग के मजबूतीकरण और चौड़ीकरण के लिए 90 करोड़ 69 लाख 87 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। इस राशि से 51.40 किमी सड़क का मजबूतीकरण और चौड़ीकरण किया जाएगा, साथ ही 1.40 किमी लंबाई के अंधे मोड़ का पुनर्रेखन भी किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को बुधवार को परिपत्र जारी किया है। श्री साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को कार्य की निविदा समय-सीमा में करने, निर्माण कार्य प्राक्कलन व कार्य संपादित करने में मितव्ययिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा में काम पूर्ण किया जाना सुनिश्चित कराने को कहा है। विभाग को कार्य पूरा करने के लिए अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि नहीं करने के भी निर्देश वदिए हैं। अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर मान्य कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा में वृद्धि की जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित