दुर्ग , सितंबर 30 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जनपद पंचायत की सामान्य सभा में 16वें वित्त की राशि के आवंटन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्षी सदस्यों के बीच मतभेद सामने आया। सत्ता पक्ष ने बहुमत के आधार पर अपने सदस्यों के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित करने का निर्णय लिया जबकि विपक्ष ने जनसंख्या के आधार पर प्रत्येक सदस्य के क्षेत्र को राशि देने की मांग की। मांग स्वीकार नहीं होने पर विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।

बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामान्य सभा में विभागीय कार्यों की समीक्षा के बाद 16वें वित्त की राशि के आवंटन पर चर्चा हुई। जनपद अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन ने बहुमत के आधार पर राशि आवंटित करने की बात रखी। इस पर उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी ने आपत्ति दर्ज करते हुए जनसंख्या के आधार पर प्रत्येक सदस्य के क्षेत्र में राशि आवंटित करने की मांग की।

श्री हिरवानी ने कहा कि पांच दिन पहले आपसी विवाद खत्म कर समन्वय बनाकर सभी सदस्यों के क्षेत्र के लिए बराबर आवंटन करने की अध्यक्ष ने स्वयं खबर भिजवाई थी अब अचानक टालमटोल क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्ग ग्रामीण विधायक के मना करने पर आप यह कर रही हो, यदि विधायक जनपद में इस तरह हस्ताक्षेप करेंगे तो उनके सदन में बैठने का वे विरोध करेंगे। श्री हिरवानी ने कहा कि यदि बहुमत के आधार पर ही राशि का आवंटन किया जाना है तो मतदान कराया जाए क्योंकि सत्ता पक्ष के भी बहुत सारे सदस्य मतदान चाहते हैं।

इस पर अध्यक्ष ने मतदान कराने के बजाय खुले रूप में बहुमत साबित करने की बात कही। इसके बाद सदस्यों से हाथ उठवाकर बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित किया गया और बैठक स्थगित करने की घोषणा कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित