रायपुर , मई 31 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले को 739.38 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए 251 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार 'सुशासन तिहार' के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर अपने कामकाज का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर रही है और समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्री साय ने दुर्ग में आयोजित समाधान शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना भी है।

उन्होंने 362.46 करोड़ रुपये की लागत से 98 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 376.92 करोड़ रुपये की लागत से 153 विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। साथ ही दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन के निर्माण की घोषणा भी की।

श्री साय ने बताया कि एक मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में चलेगा। इसके तहत समाधान शिविरों में जनसमस्याओं का निराकरण करने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं और महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिल रही है और बस्तर विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने दुर्ग के आईटी पार्क को युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार का नया केंद्र बताते हुए कहा कि इससे जिले के आर्थिक और तकनीकी विकास को गति मिलेगी। वहीं नालंदा परिसर और छात्रावास निर्माण से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किया गया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित