भदोही , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बलीपुर गांव में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान नहर में डूबने की आशंका में एक युवक की तलाश देर रात तक जारी रही।

युवक की पहचान पंकज उर्फ बीएन चौहान (30) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को पंकज गांव के अन्य लोगों के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए बलीपुर नहर पर गया था। बताया जाता है कि विसर्जन के दौरान वह कुछ साथियों के साथ नहर के गहरे पानी में चला गया। इस दौरान तीन अन्य लोग भी डूबने लगे, जिन्हें किसी तरह सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन पंकज का पता नहीं चल सका।

घटना की सूचना मिलने पर जंगीगंज चौकी प्रभारी, कोतवाली निरीक्षक और पीआरबी-112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू की गई। हालांकि, देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।

पंकज बलीपुर गांव निवासी मढल्लू चौहान का पुत्र है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा है। उसकी एक साल की बेटी है और पत्नी गर्भवती है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन और ग्रामीण नहर के किनारे उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित