मुंबई , अगस्त 06 -- निर्देशक- अभिनेता शिबोप्रसाद मुखर्जी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बहुरूपी: द गोल्डन डाकू' का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया है, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है।विंडोज प्रोडक्शन की इस फिल्म में शिबोप्रसाद मुखर्जी अपने चर्चित किरदार विक्रम प्रमाणिक के रूप में वापसी कर रहे हैं। जारी किए गए कैरेक्टर पोस्टर में उनका गंभीर और प्रभावशाली अंदाज नजर आ रहा है। पोस्टर में रहस्य, रोमांच और दमदार व्यक्तित्व की झलक दिखाई देती है।
'बहुरूपी: द गोल्डन डाकू' वर्ष 2023 में रिलीज हुई सफल फिल्म 'बहुरूपी' का सीक्वल है। फिल्म की कहानी रहस्यमयी गोल्डन डाकू के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसमें बड़े स्तर पर एक्शन, भावनाएं और रोमांच देखने को मिलेगा।
निर्देशक जोड़ी नंदिता रॉय और शिबोप्रसाद मुखर्जी इस दुर्गा पूजा 2026 पर दर्शकों के लिए एक भव्य सिनेमाई अनुभव लेकर आने की तैयारी में हैं। दोनों अपनी फिल्मों में मजबूत कहानी और व्यावसायिक मनोरंजन के संतुलन के लिए जाने जाते हैं।
फर्स्ट लुक साझा करते हुए शिबोप्रसाद मुखर्जी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वह एक बार फिर विक्रम प्रमाणिक के किरदार में लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि विंडोज प्रोडक्शन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह उनकी दूसरी प्रस्तुति है, जिसे बड़े स्तर पर तैयार किया गया है।
शिबोप्रसाद ने बताया कि फिल्म की शूटिंग 96 लोकेशंस पर की गई है, जिसमें मुख्य कलाकारों और सहायक कलाकारों समेत करीब 2,500 लोगों ने हिस्सा लिया। फिल्म की शूटिंग हसनाबाद, टाकी, बारासात, बर्दवान, बोलपुर, बिष्णुपुर, मालदा समेत कई स्थानों पर हुई है।
उन्होंने कहा कि पहली फिल्म की तरह इस बार भी लोक कलाकार कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मालदा के प्रसिद्ध गम्भीरा लोक कलाकारों को भी फिल्म में शामिल किया गया है, जिनके पारंपरिक गीत, मुखौटे और प्रस्तुतियां फिल्म को खास सांस्कृतिक पहचान प्रदान करती हैं।
शिबोप्रसाद ने बताया कि चुनावों के कारण शूटिंग में देरी हुई और मई की भीषण गर्मी में काम करना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन पूरी टीम के समर्पण और मेहनत से यह संभव हो सका।
विंडोज प्रोडक्शन ने पिछले वर्षों में कई सफल फिल्मों के जरिए बंगाली सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। दर्शकों से जुड़ी कहानियों और लगातार सफल थिएटर रिलीज के कारण यह बैनर बंगाली फिल्म उद्योग के प्रमुख प्रोडक्शन हाउसेस में शामिल हो गया है।
फर्स्ट लुक जारी होने के बाद 'बहुरूपी: द गोल्डन डाकू' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। यह फिल्म दुर्गा पूजा 2026 की प्रमुख बंगाली रिलीज में शामिल होने जा रही है, जिसमें एक्शन, रहस्य, भावनाओं और भव्य सिनेमाई अनुभव का संगम देखने को मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित