कोलकाता , सितंबर 14 -- पश्चिम बंगाल में कूचबिहार से सांसद जगदीशचंद्र बसुनिया के इस दावे के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है कि नेशनल सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के 20 में से 17 सांसद दुर्गा पूजा से पहले या उसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं।

श्री बसुनिया ने कहा कि दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य ठहराये जाने से बचने के लिए ये सांसद एक साथ भाजपा में शामिल होंगे। उनके अनुसार, 20 सदस्यीय समूह के दो-तिहाई सांसदों के एक साथ दल बदलने पर उन्हें अयोग्य ठहराये जाने से बचाया जा सकता है और 17 सांसद सामूहिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे।

उन्होंने यह भी दावा किया कि अल्पसंख्यक सांसद अबू ताहेर, खलीलुर रहमान और यूसुफ पठान अपने-अपने बहुल अल्पसंख्यक निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल भाजपा में शामिल नहीं होंगे। श्री बसुनिया ने कहा कि ये सांसद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ जुड़े रहेंगे और उन्हें विभिन्न केंद्रीय विभागों में जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।

इस दावे के बाद राजनीतिक हलकों में अटकलें तेज हो गयी हैं। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि यदि यह घटनाक्रम सामने आता है तो इससे राज्य और राष्ट्रीय राजनीति पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ सकते हैं।

भाजपा ने हालांकि इस तरह के किसी कदम की जानकारी होने से इनकार किया है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी घटनाक्रम की जानकारी नहीं है और श्री बसुनिया अपने बयान के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।

उन्होंने कहा, "एनसीपीआई सांसद के बयान के लिए भाजपा को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।"उल्लेखनीय है कि यह घटनाक्रम 20 सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से हाल में मिली अस्थायी राहत के कुछ दिन बाद सामने आया है।

तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए इन सांसदों को कथित दल बदल को लेकर जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए तीन सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया है।

तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने दल बदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग की थी।

सांसदों ने लोकसभा सचिवालय द्वारा जारी नोटिस का जवाब देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय ने उन्हें यह समय दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित