कोलकाता , सितंबर 29 -- कोलकाता मेट्रो दुर्गा पूजा से पहले शनिवार और रविवार को यात्रियों की बढ़ती भीड़ के मद्देनजर ब्लू, ग्रीन और येलो लाइनों पर सप्ताहांत में अतिरिक्त मेट्रो सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है।
मेट्रो कार्यालय के अनुसार पूजा पूर्व खरीदारी के लिए जुटने वाली अतिरिक्त भीड़ की सुविधा के लिए ये अतिरिक्त सेवाएं 3, 4, 10 और 11 अक्टूबर को चलायी जायेंगी। संभावित भीड़ के मद्देनजर तीन और 10 अक्टूबर सहित शनिवार के दिनों में ब्लू लाइन पर सामान्य 252 की जगह 272 सेवाएं संचालित होंगी। ग्रीन लाइन पर सामान्य 212 के मुकाबले 236 सेवाएं चलेंगी, जबकि येलो लाइन पर वर्तमान में संचालित 92 वाणिज्यिक सेवाओं की जगह 120 फेरे लगाये जायेंगे। अन्य तीन लाइनों की तुलना में अपेक्षाकृत कम यात्रियों वाली पर्पल लाइन पर वाणिज्यिक सेवाएं अपरिवर्तित रहेंगी।
शनिवार की तरह ही मेट्रो अधिकारियों ने मुख्य पूजा दिनों से पहले पड़ने वाले रविवार के दिनों में भी वाणिज्यिक सेवाओं की संख्या में वृद्धि की घोषणा की है। चार और 11 अक्टूबर को ब्लू लाइन पर 152 के बजाय 188 वाणिज्यिक सेवाएं चलेंगी, जबकि अत्यधिक भीड़ वाली ग्रीन लाइन पर सामान्य 111 के मुकाबले 125 सेवाएं संचालित की जायेंगी।
येलो लाइन अपनी सामान्य 78 सेवाओं के साथ जारी रहेगी, जिसमें जय हिंद विमानबंदर और दक्षिणेश्वर के बीच तीन के बजाय दो सीधी ट्रेनें शामिल होंगी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पहली और अंतिम वाणिज्यिक सेवाओं के समय में कोई बदलाव नहीं होगा। वहीं कोलकाता मेट्रो रेलवे रविवार को पर्पल और ऑरेंज लाइनों पर वाणिज्यिक सेवाओं का संचालन नहीं करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित