कटिहार , अक्टूबर 09 -- कटिहार के जिलाधिकारी-सह-जिला दंडाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शुक्रवार को कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

श्री द्विवेदी ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सभी जुलूसों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। अश्लील संगीत बजाने तथा अश्लील कार्यक्रम आयोजित करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और यातायात की समुचित व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी आज विकास भवन, कटिहार में आयोजित जिला शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार सहित विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

श्री द्विवेदी ने इस दौरान कहा कि दुर्गा पूजा आस्था, पवित्रता और शक्ति की उपासना का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई समस्याओं और दिए गए सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग से इस वर्ष भी दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित