पटना , अक्टूबर 18 -- बिहार में दुर्गा पूजा के दौरान निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ऊर्जा विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं और इस कार्य के लिये राज्यभर में 115 नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय हैं, जहां बिजली आपूर्ति में व्यवधान, तकनीकी खराबी और उपभोक्ताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।

विभाग से जारी सूचना के अनुसार ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के मार्गदर्शन और ऊर्जा सचिव अजय यादव के नेतृत्व में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।

साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 59 और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 56 नियंत्रण कक्षों के माध्यम से व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, मंदिरों, प्रमुख चौक-चौराहों, मेला स्थलों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बिजली आपूर्ति को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दोनों विद्युत वितरण कंपनियां क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आपूर्ति की स्थिति पर नजर रख रही हैं। किसी भी तरह की तकनीकी खराबी या बिजली बाधित होने की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित