रायपुर , अक्टूबर 09 -- दुर्गा पूजा के दौरान रेल यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी और शालीमार के बीच विशेष ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 08861/08862 दोनों दिशाओं में तीन-तीन फेरे लगाएगी। इस व्यवस्था से छत्तीसगढ़ के दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा और रायगढ़ सहित विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
रेलवे से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 08861 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल 15, 22 और 29 अक्टूबर को प्रत्येक गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन इतवारी स्टेशन से शाम 5:10 बजे प्रस्थान करेगी और गोंदिया, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, खड़गपुर तथा संतरागाछी होते हुए अगले दिन दोपहर 2 बजे शालीमार पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 08862 शालीमार-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पूजा स्पेशल 16, 23 और 30 अक्टूबर को प्रत्येक शुक्रवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन शालीमार से शाम 6 बजे रवाना होकर संतरागाछी, खड़गपुर, टाटानगर, चक्रधरपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया के रास्ते अगले दिन दोपहर 3:35 बजे इतवारी पहुंचेगी।
विशेष ट्रेन के निर्धारित समय के अनुसार, इतवारी से शालीमार जाने वाली गाड़ी रायपुर स्टेशन पर रात 10:25 बजे पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 10:30 बजे रवाना होगी। वापसी दिशा में शालीमार से आने वाली ट्रेन अगले दिन सुबह 9:20 बजे रायपुर पहुंचेगी तथा सुबह 9:25 बजे प्रस्थान करेगी।
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शालीमार जाने वाली विशेष ट्रेन का आगमन रात 9:40 बजे और प्रस्थान रात 9:45 बजे निर्धारित किया गया है। वहीं, वापसी में यह ट्रेन सुबह 11:10 बजे दुर्ग पहुंचेगी और सुबह 11:15 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित