रांची , अक्टूबर 20 -- झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है।
इसी क्रम में रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख एवं संवेदनशील दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एसएसपी ने रातू, नगड़ी, कांके और नामकुम सहित अन्य थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख पूजा पंडालों का भ्रमण किया। उन्होंने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुगम आवागमन और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी और केंद्रीय शांति समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।
एसएसपी ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों को पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाए रखा जाए, ताकि पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं तत्पर रहने को कहा गया।
उन्होंने पूजा समितियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और किसी भी तरह की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
रांची पुलिस ने आम नागरिकों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने तथा संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित