दरभंगा , अक्टूबर 14 -- बिहार में दरभंगा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मद्य निषेध विभाग की टीम ने छापेमारी कर 615.600 लीटर अवैध शराब जब्त की तथा दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर दुर्गा पूजा के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और सेवन पर रोक लगाने के लिए जिले में सघन छापेमारी एवं गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बेनीपुर उत्पाद थाना की टीम ने सूचना के आधार पर मनीगाछी थाना क्षेत्र के बलौर गांव के वार्ड संख्या आठ में छापेमारी कर 540 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की। इस दौरान लक्ष्मण महासेठ को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, दरभंगा के चलंत दल ने मोरो थाना क्षेत्र के अरैला चौर के समीप कार्रवाई कर 75.600 लीटर विदेशी शराब जब्त की। इस मामले में करण कुमार को गिरफ्तार किया गया।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 615.600 लीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

श्री कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 (यथासंशोधित) के तहत शराब का अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित