बैतूल , अक्टूबर 11 -- दुर्गा उत्सव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बैतूल जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शनिवार रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों और प्रतिबंधों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर अभिनंदन सरोवर के पीछे स्थित मूर्ति निर्माण स्थल सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने मूर्तिकारों से मुलाकात कर दुर्गा प्रतिमाओं के निर्माण की तैयारियों की जानकारी ली और प्रतिमा निर्माण में जुटे कारीगरों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चक्कर रोड क्षेत्र में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से नियमों के पालन की जानकारी ली। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस प्रशासन को उत्सव के दौरान सतर्कता बरतने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित