दरभंगा, अक्टूबर 07 -- दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें विधि-व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत, अग्नि सुरक्षा, स्वास्थ्य, मूर्ति विसर्जन एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गयी।श्री कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में शांति समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह एवं भ्रामक सूचना फैलाने तथा विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले उपद्रवी तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। इसलिए किसी भी पूजा पंडाल में राजनीतिक दल अथवा अभ्यर्थी से संबंधित पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री नहीं लगायी जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों से आचार संहिता का पूर्ण अनुपालन करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा एवं आवश्यक अग्नि सुरक्षा यंत्र लगाना अनिवार्य बताते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्युत विभाग को पंडालों में तार, कनेक्शन एवं अन्य विद्युत व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा।उन्होंने मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग एवं समय का अनिवार्य रूप से पालन कराने तथा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, रोशनी एवं सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था के साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन को प्रमुख पूजा पंडालों में मेडिकल किट तथा डीएमसीएच में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

श्री कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को देखते हुए दुर्गापूजा के दौरान शहर में चल रहे एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य को आवश्यक अवधि के लिए अवरुद्ध रखा जाएगा। उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम गठित करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित