दुमका , अक्टूबर 23 -- झारखंड की उपराजधानी दुमका में शुक्रवार से 9वीं मिनी झारखंड राज्य वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ।

दुमका के सांसद नलिन सोरेन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के साथ पहला बाॅल फेंक कर इस प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ किया। दुमका जिला वॉलीबॉल संघ और पश्चिम बंगाल पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के सौजन्य से दुमका के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक एवं बालिका के लिए आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य की कुल 19 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

इस अवसर पर सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि दुमका की धरती खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहद उर्वर रही है। पूर्व में भी यहां राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासित रहकर बेहतर प्रदर्शन करने तथा खेल भावना बनाए रखने के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर अभिजीत राय तथा जिला खेलकूद संघ के सचिव उमाशंकर चौबे ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष अमित कुमार ने स्वागत संबोधन किया, जबकि मंच संचालन मदन कुमार ने किया। इस दौरान मीत राज क्रिएटिव डांस एकेडमी के बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।

आयोजन को सफल बनाने में सांसद प्रतिनिधि सिद्धार्थ लाहा, जिला बास्केटबॉल समिति के सचिव सह आयोजन सचिव दाउद अली, राज्य वॉलीबॉल संघ के संयुक्त सचिव देवाशीष झा, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव मुकेश कुमार, जिला खेलकूद संघ के संयुक्त सचिव निमाय कांत झा, जिला वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष मनोज घोष, सूरज केसरी एवं कुलदीप सिंह तथा कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार पाठक, संतोष गोस्वामी, सुहागिनी मरांडी और शंभू रजक सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

आज से शुरू इस प्रतियोगिता मेंबालक वर्ग में दुमका, लातेहार, बोकारो, पश्चिम सिंहभूम, जामताड़ा, हजारीबाग, कोडरमा, धनबाद, पाकुड़ और रांची सहित विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। वहीं, बालिका वर्ग में रामगढ़, लातेहार, गुमला, गोड्डा, देवघर, धनबाद और पश्चिम सिंहभूम की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

तीन दिनों तक चलने वाली इस चैम्पियनशिप से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर खेल में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित