दुमका , फरवरी 16 -- झारखंड में दुमका जिले के रामगढ थाने की पुलिस ने सड़क निर्माण कम्पनी के ठेकेदारों से रंगदारी व लेवी वसूली की धमकी देने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए देसी कट्टा व कारतूस के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पिछले तीन- चार दिनों से पुलिस को रामगढ़ थाना क्षेत्र के नोनीहाट- सिन्दुरिया गांव में सड़क बनाने वाले कम्पनी के ठेकेदारों से कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा रंगदारी एवं लेवी वसूली को लेकर धमकी दिये जाने की गुप्त सूचना मिल रही थी। इस संबंध में संबंधित क्षेत्र के चौकीदारों एवं गुरुचरों को तैनात कर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में कल 15 फरवरी को पुन: सूचना मिली कि ग्राम नौखेता पहाड़ के पास करीब 5-6 व्यक्ति इक्ठा होकर अपराधिक योजना बना रहे हैं, जिसके पास अग्नेयारत्र भी देखा गया है।

इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नौखेता पहाड़ के पास से रामगढ़ थाना क्षेत्र के ठेंगीमोड़ गांव के देवनारायण सिंह उर्फ गणेश पहाड़िया, धरमपुर के माधव आचार्य और सिंदुरिया गांव के रहनेवाले नरेश कुमार मंडल नाम के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इसी थाना क्षेत्र के रहने वाले दो अन्य बदमाश जंगल झाड़ी का लाभ उठाकर भागने में सफल हो गये। पुलिस ने अन्य फरार बदमाशों को चिन्हित कर लिया है और पकड़ने के लिये गहन छापामारी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि तालाशी के दौरान तीनों गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस,एक फोल्डिंग चाकू और एक कार बरामद किया है। इस संबंध में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आज तीनों गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

छापामारी दल में रामगढ़ के थाना प्रभारी पुअनि मनीष कुमार के साथ पुअनि रमेश भगत, सअनि अशोक कु० चौरसिया, हवलदार बाबूराम किस्कू,आरक्षी देवीलाल सोरेन, बाबूधन टूडू,सहायक आरक्षी अमित कुमार, तापस मंडल,सुदर्शन कु० सेन सहित कई अन्य पुलिस कर्मी भी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित