दुमका , मार्च 10 -- झारखंड के दुमका जिले में संताल परगना मोटर मजदूर संघ सहित विभिन्न संगठनों के आह्वान पर मंगलवार को दुमका बस स्टैंड से बसों का परिचालन पूरी तरह ठप्प रहा।
बस मालिक और बस कर्मचारी धरने पर बैठ गए हैं, जिसके कारण सुबह से एक भी बस बस स्टैंड से नहीं चली। बस नहीं खुलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ज्ञातव्य हो कि संताल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह पिछले महीने 24 फरवरी को बाइक सवार दो अपराधियों ने अरुण सिंह पर गोली चला दी थी। जानलेवा हमले के 15 दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
इसी के विरोध में सभी बसों का परिचालन रोक दिया गया है और बस पड़ाव पर धरना दिया जा रहा है।
इधर बस पड़ाव के अंदर और आसपास के दुकानदारों ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया है। कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं, जिससे बस स्टैंड के होटल और अन्य दुकानें भी बंद पड़ी हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर जल्द से जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका आरोप है कि घटना के इतने दिन बाद भी पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जो उनकी सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
वहीं आज नेता प्रतिपक्ष ने भी इस मामले को आज सत्र में उठाया और राज्य में क़ानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित