दुमका , मार्च 24 -- झारखंड में दुमका जिला प्रशासन की ओर से रामनवमी पर्व के मद्धेनजर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी।
रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए इंडोर स्टेडियम में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें संपन्न कर ली गई हैं जिसमें जिला स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया हैं। प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्व के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रुप से जिलावासियों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से जुलूस निकालने का आह्वान किया है। उपायुक्त ने कहा कि परम्परा को बरकरार रखने के लिए सभी को सहयोग और सजग सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में तैनात दंडाधिकारी जुलूसों पर सतत निगरानी रखेंगे। सभी जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी lश्री सिन्हा ने विभिन्न अखाड़ा समितियों को डीजे के उपयोग एवं झंडों के आकार को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अअनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी लोग रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनायें।
श्री सिन्हा ने कहा कि सभी जुलूसों में दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अखाड़ा समितियों से प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया तथा जुलूस मार्गों का पूर्व में ही सत्यापन करते हुए निर्धारित मार्ग पर ही जुलूस निकालने का निर्देश दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों को भी कई आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर सभी बिजली तारों की जांच सुनिश्चित करने को कहा। नगर परिषद को पेयजल की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई बनाए रखने तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने तथा हर समय अलर्ट मोड में रहने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को भी अपने वाहनों को एक्टिव मोड में रखने का निर्देश दिया गया।
श्री सिन्हा ने ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि 27 मार्च को तथा कुछ स्थानों पर 28 मार्च को भी जुलूस निकाले जाने की सूचना है। उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से जुलूस निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा जुलुस के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसका ध्यान रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित