रांची , जुलाई 02 -- झारखंड के दुमका और गोड्डा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश, दुमका के नाम स्पीड पोस्ट से भेजी गई एक धमकी भरी चिट्ठी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चिट्ठी बंगला भाषा में लिखी गई है, जिसमें दुमका कोर्ट पर हमले की धमकी दी गई है। पत्र के साथ दो लोगों के नाम और एक आधार कार्ड की प्रति भी संलग्न थी।
धमकी की सूचना मिलते ही दुमका कोर्ट परिसर की सुरक्षा तत्काल बढ़ा दी गई। डॉग स्क्वॉड की टीम ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली और सभी संवेदनशील स्थानों की जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि चिट्ठी के साथ भेजे गए आधार कार्ड और संबंधित व्यक्ति का सत्यापन कराया गया। जांच में पता चला कि जिस व्यक्ति के नाम और आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। संबंधित व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके आधार कार्ड का दुरुपयोग कर यह चिट्ठी भेजी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरी स्पीड पोस्ट पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले के भातार थाना क्षेत्र से भेजी गई थी। पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान और उसके उद्देश्य का पता लगाने में जुटी हुई है।
फिलहाल दुमका और गोड्डा कोर्ट परिसरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और तकनीकी सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित