नयी दिल्ली , मार्च 19 -- एयर इंडिया अपनी सहायक कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ पश्चिम एशिया के लिए गुरुवार 19 मार्च को 48 और इंडिगो 26 उड़ानों का परिचालन करेगी।
इनमें दुबई की उड़ानें भी शामिल हैं। दुबई में उड़ानें बंद रहने के बाद बुधवार अपराह्न चार बजे हवाई अड्डे को फिर से उड़ानों के लिए खोला गया है।
एयर इंडिया समूह ने बताया कि वह सऊदी अरब के जेद्दा से दिल्ली और मुंबई के लिए आज एक-एक नियमित उड़ानों का परिचालन करेगी जबकि रियाद से दिल्ली के लिए उसकी एक नियमित उड़ान उपलब्ध होगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस जेद्दा से बेंगलुरु, हैदराबाद और कोझिकोड़ के लिए एक-एक नियमित उड़ानों का परिचालन करेगी। ओमान की राजधानी मस्कट से दिल्ली, कोझिकोड़ और मुंबई के लिए एयरलाइंस की एक-एक उड़ान होगी।
विशेष उड़ानों में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली से दुबई के लिए एक-एक उड़ान चलायेगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की अबु धाबी से बेंगलुरु, दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड़ और मुंबई के लिए उड़ानों की योजना है।
एयरलाइंस रस-अल-खैमा के लिए दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड़, लखनऊ और तिरुवनंतपुरम् से तथा शारजाह से मेंगलुरु और मुंबई के लिए विशेष उड़ानों का परिचालन करेगी। वह रियाद से कोझिकोड़ के बीच भी एक उड़ान का परिचालन कर रही है।
इंडिगो ने आज के लिए कुल 26 उड़ानों की योजना बनायी है। वह दुबई से मुंबई के बीच एक उड़ान का परिचालन करेगी। इसके अलावा अबु धाबी, मस्कट, जेद्दा और मदीना के लिए उसकी उड़ानें उपलब्ध होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित