नयी दिल्ली , मार्च 19 -- भारत ने कहा है कि पाकिस्तान का गुप्त परमाणु प्रसार जगजाहिर है और पाकिस्तान की गतिविधियां दुनिया भर के लोगों के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में पाकिस्तान के परमाणु कार्यक्रम के बारे में अमेरिकी खुफिाया एजेन्सी की प्रमुख तुलसी गैबार्ड और अमेरिकी खुफिया समुदाय की आकलन रिपोर्ट से संबंधित सवाल पर कहा कि पाकिस्तान का गुप्त परमाणु प्रसार का इतिहास जगजाहिर है और अभी इसे एक बार फिर उजागर किया गया है।

उन्होंने कहा," पाकिस्तान का गुप्त परमाणु प्रसार का इतिहास सबके सामने है और सभी लोग इसे समझते हैं तथा इससे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जो जोखिम है, वह भी स्पष्ट है। इसमें कुछ नया नहीं है, बस इसे एक बार फिर उजागर किया गया है। जहां तक अमेरिका के आंतरिक और सुरक्षा आकलन का प्रश्न है हमारी ओर से हम मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई से जुड़े मुद्दों पर अमेरिका सरकार के साथ निकटता से कार्य कर रहे हैं। इस समस्या से निपटने के लिए हमारा एक साझा उद्देश्य है। हमारे पास एक कार्य समूह है और इसके माध्यम से एक संस्थागत संवाद तंत्र मौजूद है, जिसके जरिए हम इस साझा चुनौती का समाधान करने का प्रयास करते हैं।"उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के बारे में जितना कम कहा जाये उतना बेहतर है और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्य विश्व भर के कई लोगों के लिए चुनौती उत्पन्न करते हैं।"उल्लेखनीय है कि सुश्री गबार्ड ने कहा है कि चीन, रूस और पाकिस्तान द्वारा विकसित लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें अमरीका के लिए सबसे बड़ा खतरा हो सकती हैं। उन्होंने सीनेट खुफिया समिति को बताया कि इन मिसाइलों की संख्या मौजूूदा तीन हजार से अधिक मिसाइलों से बढ़कर 2035 तक 16 हजार से अधिक हो जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित