देजफुल (ईरान) , जून 14 -- ईरान के खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दोल्लाही ने कहा है कि दुनिया जल्द ही ईरान की जीत और आक्रामक तथा आतंकवादी दुश्मन पर प्रतिरोध के विजय की गूंज सुनेगी।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार मेजर जनरल अब्दोल्लाही ने यह बात मेजर जनरल गुलामअली राशिद और उनके पुत्र अमीन अब्बास राशिद की शहादत की पहली बरसी पर देजफुल में आयोजित एक समारोह के लिए भेजे गये संदेश में कही।

उल्लेखनीय है कि 2016 में सर्वोच्च नेता आयतुल्ला सैयद अली खामेनेई द्वारा नियुक्त किये जाने के बाद जनरल राशिद खातम अल-अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रमुख रहे थे। एक इजरायली हमले में 13 जून 2025 को उनकी और उनके पुत्र की मृत्यु हो गयी थी।

श्री अब्दोल्लाही ने अपने संदेश में कहा कि जनरल राशिद का निधन एक बड़ी क्षति थी, लेकिन इसने इस्लामी गणराज्य ईरान की प्रतिरोधक क्षमता और राष्ट्रीय शक्ति को भी प्रदर्शित किया। उन्होंने कहा कि दुश्मन ने यह सोचकर ईरान के सैन्य रणनीतिकारों की हत्या की कि इससे देश की रक्षा-संकल्प शक्ति कमजोर पड़ जाएगी, लेकिन वह यह समझने में विफल रहा कि श्री राशिद आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, अनुभव और रणनीतिक सोच की एक समृद्ध विरासत छोड़ गये हैं।

कमांडर ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल आज जटिल हाइब्रिड और विशिष्ट युद्ध का सामना उसी रणनीतिक ढांचे के आधार पर कर रहे हैं, जिसे पूर्व सैन्य कमांडरों ने विकसित किया था। ईरान की सैन्य तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की थल, वायु और समुद्री सीमाओं पर तैनात सेनाएं स्वदेशी उपकरणों और क्षमताओं के बल पर "हम कर सकते हैं" की भावना को प्रदर्शित कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित