पटना , अप्रैल 28 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद शिवेश राम ने नई दिल्ली में खगड़िया निवासी पांडव कुमार की मृत्यु को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उनके बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया है।

राज्यसभा सांसद शिवेश राम ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। पार्टी शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती है। उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भाजपा नेता श्री राम ने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा इस घटना को "बिहारी होने के अपराध" से जोड़ना भ्रामक और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह मामला किसी जातीय या क्षेत्रीय पहचान से नहीं, बल्कि आपसी विवाद से जुड़ा आपराधिक मामला प्रतीत होता है।

भाजपा सांसद ने कहा कि एक आपराधिक घटना को "बिहारी बनाम बाकी देश" का रूप देकर राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश करना न केवल अनुचित है, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ भी अन्याय है। उन्होंने राजद शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय बिहार में अपराध की घटनाएं आम थीं और राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा था।

भाजपा नेता ने कहा कि अपराधी की कोई जाति, धर्म या क्षेत्र नहीं होता और कानून से ऊपर कोई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को हर हाल में सजा दिलाई जाएगी तथा बिहारियों के सम्मान से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित