धार , अक्टूबर 31 -- मध्य प्रदेश के धार जिले के अमझेरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमला के बयड़ीपुरा में किराने की दुकान हटाने की बात पर हुए विवाद में चाचा ने शुक्रवार रात अपने ही भतीजे की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी।

पुलिस ने शनिवार काे यह जानकारी दी। मृतक की पहचान सोहन (40) पुत्र पेमा भूरिया के रूप में हुई है। वह आमला का रहने वाला था। वारदात के बाद आरोपी चाचा कालू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

आज सुबह मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलस अधीक्षक सचिन शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है।

पुलिस के अनुसार सोहन अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान उसका सगा चाचा कालू हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंचा। कालू की किराने की दुकान सोहन के घर के सामने लगी हुई थी। दुकान हटाने की बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सोहन का कहना था कि जिस जमीन पर दुकान संचालित की जा रही है, वह उसके पिता पेमा भूरिया के नाम पर है। ऐसे में कालू को अपनी जमीन पर दुकान लगानी चाहिए। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्से में आए कालू ने सोहन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित