अलवर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में अलवर जिले के सिलीसेढ़ झील के समीप नवनिर्मित छावड़ी कॉम्प्लेक्स की दुकानों में रविवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक दुकान में सो रहे लोगों ने चारपाई के नीचे मगरमच्छ देखा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बख्तपुरा बावड़ी स्टैंड पर स्थित दुकान में चरण सिंह, जगत सिंह, उमेश, राजा और ऋषि चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान चरण सिंह उठा और उसकी नजर चारपाई के नीचे पड़ी। नीचे देखते ही उसके होश उड़ गये। वहां मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ देखते ही वहां मौजूद सभी लोग भय से कांप उठे और किसी तरह लोग चारपाई छोड़कर बाहर निकल आए।
सूत्रों ने बताया कि मगरमच्छ दुकान के अंदर ही था। लोगों ने हिम्मत जुटाई और सरिए की मदद से उसे दुकान से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को दुकान से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर सुरक्षित तरीके से पास के खेत में छोड़ दिया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रत हो गई और हर कोई मगरमच्छ को देखकर हैरान रह गया।
सूत्रों ने बताया कि दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर नदी है और इसी क्षेत्र से सिलीसेढ़ झील का पानी भी आता है। माना जा रहा है कि पानी वाले क्षेत्र से निकलकर मगरमच्छ दुकान तक पहुंच गया। आबादी और दुकानों के नजदीक मगरमच्छ पहुंचने से आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और मगरमच्छ की आवाजाही को लेकर सतर्कता बरतने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित