अलवर , अगस्त 11 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में तिलवाड़ गांव में बारिश के दौरान दुकान का छज्जा गिरने से एक सब्जी विक्रेता की मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मशीरपुर निवासी प्यारेलाल साइकिल पर सब्जी गांव-गांव जाकर सब्जी की फेरी लगाता था। मंगलवार को वह तिलवाड़ गांव में सब्जी बेच रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गयी।

सूत्रों ने बताया कि बारिश से बचने के लिए प्यारेलाल एक दुकान के छज्जे के नीचे जाकर खड़ा हो गया। इसी दौरान अचानक दुकान का छज्जा भरभराकर उसके ऊपर आ गिरा। वहां आसपास मौजूद ग्रामीणों ने प्यारेलाल को मलबे से निकाला। इसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा, लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित