बैतूल , अप्रैल 03 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सारणी स्टेट हाईवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा गुरुवार देर रात करीब 12 बजे उस समय हुआ, जब एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर एक दीवार से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अर्जुन नगर निवासी प्रफुल्ल अनिल ठोके (25) और पुनीत ठाकरे (25) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पप्पू प्रजापति (23), राजू यादव (26), अभिषेक वाडिवा (26) और 14 वर्षीय संगम राठौर शामिल हैं। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी। अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि बोलेरो (एमपी 48 टी 1317) मनमंदिर लॉन के गेट की दीवार से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और एयरबैग खुलने के बावजूद अंदर बैठे लोगों की जान नहीं बच सकी।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो जिला जनसंपर्क कार्यालय में अनुबंधित थी और उसे मेंटेनेंस के लिए गेराज ले जाया जा रहा था। हालांकि जनसंपर्क कार्यालय के सहायक संचालक रोमित उइके ने स्पष्ट किया कि मृतक और घायल युवक कार्यालय से संबंधित नहीं हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित