अजमेर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री एवं अजमेर जिले की प्रभारी दीयाकुमारी ने रविवार को अजमेर की मार्बल नगरी किशनगढ़ में आर.के.ग्रुप के संस्थापक कंवरलाल पाटनी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रीमती दीयाकुमारी किशनगढ़ में आर.के.हाऊस पहुंची और दिवंगत कंवरलाल पाटनी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। उन्होंने पाटनी के पुत्रों अशोक पाटनी, सुरेश पाटनी और विमल पाटनी से बातचीत करके संवेदनाएं प्रकट की।

करीब आधा घंटे आर.के.हाऊस रुकने के बाद श्रीमती कुमारी ने पत्रकारों से कहा कि किशनगढ़ को मार्बल नगरी के रूप में देश-विदेश में पहचान दिलाने में पाटनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पाटनी परिवार में वरिष्ठ सदस्य को खोना बेहद दुखद है। ऐसी विषम परिस्थितियों में परिवार को सम्बल देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उल्लेखनीय है कि पाटनी परिवार के वयोवृद्ध सदस्य कंवरलाल पाटनी का लम्बी बीमारी के बाद गत दिनों निधन हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित