अजमेर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में पंचायत राज चुनाव - 2026 को लेकर अजमेर जिले की प्रभारी मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री दीयाकुमारी बुधवार को अजमेर देहात का दौरा करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से संवाद कायम करेगी।

भाजपा के सूत्रों ने बताया कि पंचायत चुनाव के प्रथम चरण को देखते हुए भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। दीयाकुमारी कल अजमेर देहात जिले की किशनगढ़, अरांई, नसीराबाद और पुष्कर विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठकों में शामिल होंगी। इन बैठकों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी रणनीति और संगठन की तैयारियों को धार दी जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वाह्न 10 बजे किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में गांव पाटन स्कूल के पास मैदान में बैठक होगी। वह मध्याह्न 12 बजे अरांई क्षेत्र में दाधीच गार्डन, तहसील चौराहा में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगी। दोपहर दो बजे नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के श्रीनगर में अंबेडकर भवन के पास तीन बजे पुष्कर विधानसभा क्षेत्र के भांवता में मुख्य बाजार स्थित माताजी के मंदिर के पास बैठक आयोजित होगी।

भाजपा की इन बैठकों को पंचायत चुनाव के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति साझा करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री के इस दौरे में अजमेर देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत भी साथ रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित