लखनऊ , अक्टूबर 24 -- उत्तर प्रदेश सरकार दीपोत्सव-2026 के दौरान अयोध्या की सांस्कृतिक विरासत और विकास की नई तस्वीर को रचनात्मक माध्यमों से दुनिया के सामने लाएगी। इसके लिए पर्यटन विभाग चित्रकला और रील निर्माण प्रतियोगिताएं आयोजित कर रहा है।

इनमें देशभर के सभी आयु वर्ग के लोग अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। प्रविष्टियां जमा करने की अंतिम तिथि दो नवंबर निर्धारित की गई है। विजेताओं को दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में सम्मानित किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या आस्था, संस्कृति और गौरवशाली विरासत के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित हुई है।

इन प्रतियोगिताओं के जरिए प्रतिभागियों को रामनगरी की परंपराओं, विकास कार्यों और दीपोत्सव की भव्यता को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

चित्रकला प्रतियोगिता की थीम 'कला के माध्यम से अयोध्या का उत्सव' रखी गई है। प्रतिभागियों को जलरंग से मौलिक चित्र बनाने होंगे।

इनमें अयोध्या के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल, सांस्कृतिक परंपराएं और विकास की झलक दिखाई जा सकेगी। पहले से प्रकाशित, नकल की गई अथवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार कलाकृतियां स्वीकार नहीं होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित