, Nov. 7 -- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को गति दे रहा है। यहां जलने वाला प्रत्येक दीप किसी कुम्हार के चाक को रफ्तार देने के साथ होमस्टे, स्थानीय बाजार और पर्यटन कारोबार को भी समृद्ध कर रहा है।

उन्होंने बताया कि अयोध्या में पर्यटकों की वार्षिक संख्या वर्ष 2018 में करीब 1.96 करोड़ थी, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 29.96 करोड़ पहुंच गई। अयोध्या का बढ़ता पर्यटन प्रदेश के आध्यात्मिक पर्यटन नेटवर्क को मजबूती प्रदान कर रहा है। इसमें काशी, प्रयागराज, ब्रज और विंध्य धाम सहित अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

दीपोत्सव के दसवें संस्करण का मुख्य आकर्षण राम की पैड़ी सहित सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख से अधिक दीपों का एक साथ प्रज्ज्वलन रहा। आयोजन को सफल बनाने के लिए करीब 35 हजार स्वयंसेवकों ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। अयोध्या के 240 से अधिक मंदिरों और मठों तथा 25 प्रमुख चौराहों को भी दीपोत्सव से जोड़ा गया।

शाम को नया घाट पर 2,151 अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरयू महाआरती की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अनुष्ठान में शामिल हुए। सामूहिक आरती और दीप प्रज्ज्वलन से सरयू तट का वातावरण भक्तिमय हो उठा।

राम की पैड़ी पर तैरते मंच के जरिए भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी की कथा का मंचन किया गया। इसमें 20 मिनट की प्रोजेक्शन मैपिंग और आठ मिनट का लेजर शो शामिल रहा। कुल 28 मिनट के इस दृश्य कार्यक्रम में संगीत, हिंदी कथावाचन, हवाई करतब और मंचीय प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया।

अयोध्या के आसमान में 2,100 मेड इन इंडिया ड्रोन ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित आकर्षक आकृतियां बनाईं। सरयू तट पर संगीत के साथ समन्वित ग्रीन फायरवर्क्स शो भी आयोजित किया गया।

दीपोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के उत्सव की शुरुआत सुबह ही हो गई थी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक निकाली गई शोभायात्रा को रवाना किया। इसमें रामायण के सातों कांडों पर आधारित झांकियां शामिल रहीं। विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकारों ने मयूर, ढेड़िया, पई डंडा और बधावा सहित पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं।

दोपहर में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे कलाकार हेलीकॉप्टर से रामकथा पार्क पहुंचे। उपराष्ट्रपति ने वहां प्रभु श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक, पूजन और आरती में भाग लिया। इस दौरान संत-महात्माओं को सम्मानित भी किया गया।

दीपोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करीब एक हजार कलाकारों ने भाग लिया। अंतरराष्ट्रीय रामलीला मंच पर श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका, थाईलैंड और इंडोनेशिया के बाली से आए कलाकारों ने रामायण की अपनी-अपनी परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। असम, केरल और बंगाल सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों की रामलीला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विविधता प्रदान की।

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव में पर्यटकों की सुविधाओं और उनके बेहतर अनुभव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाकर अयोध्या को सालभर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

क्वीन हो मेमोरियल पार्क में आयोजित दीपोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी नौ नवंबर तक चलेगी। इसी दिन एक और ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।

समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान और सतीश चंद्र शर्मा, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी वासुदेवाचार्य विद्याभास्कर, स्वामी श्रीधराचार्य, स्वामी राघवाचार्य, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, श्रीमहंत कमलनयन दास, श्रीमहंत रामलखन दास और जगद्गुरु सतुआ बाबा सहित अनेक संत एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित