गोपालगंज , अक्टूबर 02 -- गोपालगंज जिले के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त (डीडीसी) गौरव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और जिलेवासियों को स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिले की विकास यात्रा, प्रशासनिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिले के सतत विकास, जनसेवा को अधिक प्रभावी बनाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला स्थापना दिवस अपनी विकास यात्रा को स्मरण करने के साथ भविष्य की प्राथमिकताओं और जनसेवा के प्रति संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले के सर्वांगीण विकास और आमजन के हित में निरंतर कार्य कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित