हरिद्वार , अक्टूबर 23 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही आवागमन की नई सुविधा मिलने जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और नगर आयुक्त नंदन कुमार की पहल पर नगर निगम दीपावली से पहले 'गंगा सारथी' नाम से इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। पर्यावरण अनुकूल इस परिवहन व्यवस्था से खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और दिव्यांगजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शुक्रवार को जानकारी देते हुए नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि प्रस्तावित सेवा का उद्देश्य हरकी पैड़ी और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान बनाना है। त्योहारों और विशेष पर्वों के दौरान हरिद्वार में उमड़ने वाली भीड़ के बीच कई श्रद्धालुओं को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ती है। ऐसे में इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट उनके लिए सुविधाजनक विकल्प बन सकती हैं।

योजना के पहले चरण में मुख्य डाकघर से हरकी पैड़ी तक तथा दूसरे चरण में हरकी पैड़ी से भीमगोड़ा कुंड तक गोल्फ कार्ट संचालित करने का प्रस्ताव है। करीब ढाई किलोमीटर के दायरे में शुरू होने वाली इस सेवा के लिए शुरुआती चरण में 20 इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट चलाने की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित किराया दोनों मार्गों पर प्रति यात्री 20 रुपये निर्धारित किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और वाहनों के सुचारू संचालन के लिए गोल्फ कार्ट में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही मार्ग पर प्रत्येक 100 मीटर की दूरी पर मार्शल तैनात करने का प्रस्ताव है, ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता मिल सके।

यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर के पास, हरकी पैड़ी तथा एक अन्य प्रमुख स्थान पर टिकट काउंटर स्थापित किए जाएंगे। वहीं, सर्वानंद घाट के निकट मुख्य चार्जिंग स्टेशन एवं रखरखाव केंद्र और हरकी पैड़ी पर गुरु के लंगर के पास सब-स्टेशन बनाने की योजना है। स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों के लिए मासिक पास तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए वीआईपी पास की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित