रायपुर , अक्टूबर 31 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर जांच के लिए नमूने एकत्र किए हैं। इस दौरान अनियमितताएं मिलने पर भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा एग्रो का लाइसेंस तीन दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, त्योहार के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए मिलावट की आशंका वाले प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने भनपुरी औद्योगिक क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा एग्रो का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस 3 दिनों के लिए निलंबित करने की कार्रवाई की गई। साथ ही चना दाल का नमूना लेकर प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक निलंबन अवधि में संबंधित फैक्ट्री में उत्पादन और बिक्री की अनुमति नहीं होगी।

विभागीय टीम ने मैग्नेटो मॉल स्थित केएफसी आउटलेट का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के उद्देश्य से राइस बॉल का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त शहर के प्रसिद्ध अग्रवाल मिठाईवाला प्रतिष्ठान में भी जांच की गई। टीम ने यहां से पेड़ा और डोडा बर्फी के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों के माध्यम से मिठाइयों में प्रयुक्त मावा सहित अन्य सामग्री की शुद्धता और निर्धारित खाद्य गुणवत्ता मानकों की जांच की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित