रायपुर , अक्टूबर 10 -- छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने भिलाई नगर निगम के अधिकारियों को दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त बनाने तथा नागरिक सेवाओं में देरी और लापरवाही पर सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा है।
नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस में शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक में बोरा ने भिलाई नगर निगम की कार्यप्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, निर्माण कार्यों और नागरिक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सेवाओं में अनावश्यक विलंब और शिकायतों के निराकरण में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रमुख सचिव ने निगम के जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कमियों और विकास कार्यों की प्रगति संबंधी रिपोर्ट निर्धारित समूह में साझा करें, ताकि समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के अंतर्गत कचरा प्रबंधन और प्रसंस्करण संयंत्रों की स्थापना एवं संचालन से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने दीपावली से पहले शहर को कचरामुक्त बनाने के लिए सभी जोन आयुक्तों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
श्री बोरा ने 15वें वित्त आयोग के तहत अधूरे निर्माण कार्यों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए तकनीकी बाधाओं को तत्काल दूर करने और नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की समीक्षा के दौरान उन्होंने आवास निर्माण में बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने पात्र हितग्राहियों के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा प्रस्तावित ई-बस सेवा शुरू करने की तैयारियों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में जलापूर्ति, जल संरक्षण, मिशन अमृत और तालाबों के रखरखाव से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रमुख सचिव ने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जल स्रोतों के संरक्षण और पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इसके अलावा संपत्ति कर वसूली, ग्रीन बॉन्ड, बिजली बिल और अन्य वित्तीय विषयों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निगम की राजस्व वसूली व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। ऑनलाइन नागरिक सेवाओं, ई-ऑफिस और अन्य डिजिटल व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।
श्री बोरा ने निदान-1100 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, भिलाई नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, संयुक्त संचालक मिथिलेश अवस्थी और मुख्य अभियंता राजेश शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित