भिण्ड , अक्टूबर 20 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरियों की जांच शुरू की है। टीम ने फूप और अटेर तहसील के अनुरुद्धपुरा गांव स्थित दो डेयरियों का निरीक्षण कर मावा, पनीर और घी के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान दोनों डेयरियों में गंदगी मिलने पर संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
कलेक्टर पवन कुमार जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रेखा सोनी और किरण सेंगर ने राजस्व दल के साथ फूप स्थित जागेश्वर डेयरी का निरीक्षण किया। यहां से मीठे मावे और घी के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम अनुरुद्धपुरा गांव स्थित मुकेश ओझा की श्री श्याम डेयरी पहुंची, जहां से पनीर और घी के नमूने लिए गए।
विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के आसपास गंदगी और मक्खियां मिलीं। स्वच्छता में लापरवाही को लेकर दोनों डेयरी संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।
सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग ने बताया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने का अभियान जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित