रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) , अक्टूबर 27 -- त्योहारी बाजार सजने से पहले पुलिस ने व्यापारियों, उद्योगपतियों और अन्य संस्थाओं को मंगलवार को साफ संदेश दिया कि पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित और अनुमन्य स्थलों पर, वैध लाइसेंस लेकर ही होगी।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र (आईजी) निवेदिता कुकरेती की अध्यक्षता में मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जिले के रूद्रपुर में हुई गोष्ठी में सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में पटाखा गोदामों और बिक्री स्थलों पर अग्निशमन विभाग के सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निर्देश हैं कि अग्निशमन उपकरण हर समय चालू हालत में रहें और सीसीटीवी कैमरों से प्रभावी निगरानी हो, ताकि आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

व्यापारियों से कहा गया कि वे प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं और खराब कैमरे तत्काल ठीक करवाकर चालू रखें। सिडकुल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से फैक्ट्रियों और औद्योगिक इकाइयों में भी कैमरे और अग्निशमन उपकरण लगाने व उन्हें कार्यशील रखने की अपेक्षा की गई।

ज्वेलर्स से त्योहार के मद्देनजर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध करने को कहा गया। उन्हें सलाह दी गई कि ग्राहकों को सभी आभूषण एक साथ दिखाने के बजाय जरूरत के अनुसार एक-एक करके दिखाएं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि दुकानों का सामान निर्धारित परिसर में ही रखा जाए और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न हो, ताकि बाजारों में यातायात और लोगों की आवाजाही सुचारू रहे। परिवहन संचालकों को यातायात नियमों के पालन के निर्देश दिए गए। सिडकुल से जुड़े मालवाहक वाहनों का संचालन भी तय समय और नियमों के अनुसार कराने की अपील की गई।

बैंक प्रबंधकों से कहा गया कि एमआरएम पोर्टल के जरिये आवेदकों की फ्रीज की गई धनराशि लौटाने की ऑनलाइन प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी करें और इसके लिए पुलिस से समन्वय रखें।

स्कूल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से विद्यार्थियों को समय-समय पर साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने को कहा गया। स्कूल बसों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और सीसीटीवी की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में उद्योगपतियों, परिवहन संचालकों, व्यापार मंडल, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों, बैंक प्रबंधकों, स्कूल एसोसिएशन और ज्वेलर्स के प्रतिनिधियों ने सुझाव और समस्याएं रखीं। आईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति को निर्देश दिए कि इन पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर अनुपालन आख्या भेजी जाए।

आईजी ने कहा कि गोष्ठी में आये सभी हितधारकों के संवेदनशील सुझावों पर विचार किया जायेगा और उनका समाधान किया जायेगा। उन्होंने साफ साफ कहा कि अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गोष्ठी में एसएसपी गणपति, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर, काशीपुर और सितारगंज, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित