रायपुर , नवंबर 07 -- दीपावली पर्व के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अस्पताल प्रबंधन ने त्योहार के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। वहीं, आठ और नौ नवंबर को अवकाश के कारण अस्पताल की ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, जबकि आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पताल में जरूरी दवाइयों, इंजेक्शन और जीवन रक्षक मेडिकल सामान का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने को कहा है। इसके अतिरिक्त आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अस्पताल प्रबंधन से आज मिली जानकारी के अनुसार, आज छोटी दीपावली अर्थात नरक चतुर्दशी के अवसर पर ओपीडी सेवाएं सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगी। इसके बाद 8 नवंबर को रविवार तथा 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा का अवकाश होने के कारण लगातार दो दिनों तक ओपीडी बंद रहेगी। इस अवधि में नियमित बाह्य रोगी विभाग में मरीजों का परीक्षण और उपचार नहीं हो सकेगा।
हालांकि, अस्पताल में आपातकालीन सेवाओं का संचालन निर्बाध रूप से जारी रहेगा। गंभीर रूप से बीमार मरीजों और तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता वाले लोगों को 8 और 9 नवंबर को भी 24 घंटे उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 10 नवंबर, मंगलवार से ओपीडी की नियमित सेवाएं पुनः प्रारंभ हो जाएंगी। त्योहार के दौरान मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक संसाधनों और चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित