पटना , नवंबर 07 -- पटना जिला प्रशासन ने दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
जिले के सभी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को पूरी सजगता और मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पटाखों की अवैध बिक्री तथा असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक घटना से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सभी अनुमंडलों के अग्निशमन केंद्रों में फायर टेंडरों को पर्याप्त पानी एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रखने को कहा गया है, जिससे सूचना मिलते ही अग्निशमन दल घटनास्थल पर पहुंच सके। इसके अलावा पोर्टेबल अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सिविल सर्जन को जिला नियंत्रण कक्ष में कुशल चिकित्सकों की टीम प्रतिनियुक्त करने तथा जिला एवं अनुमंडल स्तरीय नियंत्रण कक्षों में एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिए गए हैं। एम्स, पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस और श्री गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल सहित जिले के सभी प्रमुख अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों को आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी अपने क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दीपावली के अवसर पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित