पटना, अक्टूबर 22 -- ीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पटना नगर निगम की ओर से 25 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक विशेष स्वच्छता अभियान 'स्वच्छता संकल्प' चलाया जाएगा। यह अभियान पटना नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में संचालित होगा।त्योहारों के दौरान घरों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में विशेष साफ-सफाई की जाती है, जिसके कारण सामान्य दिनों की तुलना में कचरे की मात्रा बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में कचरे का समय पर उठाव, समुचित निष्पादन तथा शहर के सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगम प्रशासन ने विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

शहर में निजी खाली भूखंडों, ट्रांसफॉर्मर के आसपास, सड़क किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा जमा होने वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष अभियान के तहत उनकी सफाई कराई जाएगी। साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सफाई के बाद संबंधित स्थलों पर दोबारा कचरा जमा न हो।इसके लिए स्थानीय नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा तथा अनधिकृत रूप से कचरा फेंकने वाले व्यक्तियों की पहचान की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले घरों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार कचरा फेंकने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लागू नियमों के अनुसार सील करने सहित आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

अभियान के दौरान कचरे के त्वरित उठाव एवं परिवहन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी कचरा परिवहन वाहनों से प्रतिदिन तीन ट्रिप सुनिश्चित कराए जाएंगे, ताकि विभिन्न वार्डों से एकत्रित कचरे का समय पर उठाव एवं निष्पादन हो सके।

निर्धारित ट्रिप पूरा नहीं करने वाले वाहनों की निगरानी की जाएगी तथा संबंधित प्रावधानों के अनुसार भुगतान की राशि में कटौती की जाएगी।इसके अतिरिक्त, शहर के सभी चिह्नित येलो स्पॉट एवं रेड स्पॉट की विशेष सफाई और नियमित धुलाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी ओवरब्रिज के ऊपर एवं नीचे भी प्रतिदिन धुलाई कराई जाएगी, ताकि प्रमुख सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनी रहे।

शहरवासियों, दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 'स्वच्छता संकल्प' अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और त्योहारों के दौरान अपने शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें।

नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, खुले में कचरा फेंकने से बचें, सड़क किनारे निर्माण सामग्री जमा न करें तथा प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से परहेज करें। साथ ही, सफाई कर्मियों का सहयोग करें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित