रांची , जून 12 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा की हालिया राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी द्वारा अपने वरिष्ठ और समर्पित नेताओं की उपेक्षा किए जाने से उन्हें गहरी पीड़ा हुई है।

डॉ. अंसारी ने आज यहां कहा कि वह कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हैं, लेकिन हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर झारखंड और यहां के स्थानीय नेताओं के सम्मान की बात करते रहे हैं। उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में भाजपा संगठन को मजबूत बनाने और गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही है।

डॉ अंसारी ने सवाल उठाया कि जब दीपक प्रकाश का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो रहा था, तब भाजपा ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने पर विचार क्यों नहीं किया। उनका कहना था कि यदि पार्टी के पास कोई सर्वमान्य उम्मीदवार नहीं था, तो एक अनुभवी, संघर्षशील और समर्पित नेता पर ही भरोसा जताया जा सकता था, जिसकी जीत भी सुनिश्चित होती।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने बिना नाम लिए भाजपा समर्थित बाहरी उद्योगपति उम्मीदवार के स्वागत को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुछ भाजपा नेता जिस उत्साह के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच बाहरी उम्मीदवार का स्वागत कर रहे हैं, उसे देखकर मन व्यथित होता है। राजनीति केवल धनबल से नहीं, बल्कि त्याग, संघर्ष और समर्पण से चलती है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि वर्षों तक पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि जो व्यक्ति पूरी जिंदगी संगठन के लिए खड़ा रहा और कठिन परिस्थितियों में पार्टी को संभाला, उसका सम्मान सबसे पहले किया जाना चाहिए।

डॉ अंसारी ने कहा कि उनकी बातें कुछ लोगों को बुरी लग सकती हैं, लेकिन वह हमेशा सच बोलते हैं और झारखंड के स्वाभिमान तथा स्थानीय नेतृत्व के सम्मान की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर स्थानीय नेताओं के सम्मान की रक्षा करना लोकतंत्र और झारखंड की राजनीतिक संस्कृति के लिए जरूरी है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि झारखंड की राजनीति में त्याग, संघर्ष और समर्पण का सम्मान होना चाहिए और यही राज्य की पहचान तथा लोकतंत्र की वास्तविक ताकत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित