वाराणसी , सितंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर 25 सितंबर को सभी 16 संगठनात्मक जिलों के 337 मंडलों और 31,168 बूथों पर विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित करेगी।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने मंगलवार शाम को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा और अंत्योदय की उनकी अवधारणा आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत की राजनीति और आर्थिक चिंतन को दिशा देने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प में अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री चौरसिया ने बताया कि 25 सितंबर को सभी 31,168 बूथों पर कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता अभियान से होगी। इसके बाद कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा करेंगे। इस दौरान वृक्षारोपण, अस्पतालों और अनाथालयों में फल वितरण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में संगोष्ठी भी आयोजित होगी, जिसमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, विचारों और अंत्योदय की अवधारणा पर चर्चा की जाएगी।
बैठक का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया। क्षेत्रीय महामंत्री अनूप जायसवाल ने स्वागत तथा विद्याधर तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में नवरतन राठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, जेपी सिंह, अशोक सिंह, अनिल पांडेय, प्रांजल अग्रहरि और सत्यम तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित