बीकानेर , सितम्बर 11 -- राजस्थान में जोधपुर में दिसम्बर में तीन दिवसीय 'जोधपुर बाल महोत्सव' आयोजित किया जायेगा।

डिजिटल बाल मेला की संस्थापक जाह्नवी शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि डिजिटल बाल मेला- 2026 का नया अभियान शुरू हो गया है। राज्य की सांस्कृतिक धरोहर से नयी पीढ़ी से जोड़ने के लिए यह आयोजन किया जायेगा। इसमें राजस्थान के सभी 41 जिलों के बच्चे शामिल हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ना, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करना और विभिन्न जिलों की समृद्ध परंपराओं को समझने का अवसर प्रदान करना है। इस अनूठे आयोजन में राजस्थान के हर जिले की झांकी देखने को मिलेगी।

उन्होंने बताया कि बच्चे अपने जिले की विशेषताओं को प्रस्तुत करेंगे। बच्चों को वीडियो बनाकर यह बताना है कि उनका जिला क्यों खास है। इसमें शिरकत करने वाले बच्चों को डिजिटल बाल मेला की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना है।

उन्होंने कहा कि जिलास्तर पर भी इस अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक जिले के बच्चे अपने स्थानीय इतिहास, पर्यटन स्थलों, लोक परंपराओं, नवाचारों और गुमनाम नायकों के बारे में जानकारी जुटा सकें और उसे रचनात्मक रूप से प्रस्तुत कर सकें।

उन्होंने बताया कि 'जोधपुर बाल महोत्सव' के माध्यम से बच्चे राजस्थान के व्यंजन, हस्तशिल्प, लोक संगीत और गुमनाम हीरो को सामने ला सकते हैं। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले को 50 हजार रुपये का इनाम मिलेगा, वहीं हर जिले से विजेता बच्चों को जोधपुर भ्रमण कराया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित