रांची , जुलाई 31 -- झारखंड में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी।
इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य के सभी 24 जिलों में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि मुख्य कार्यक्रम रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में होगा। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे और शिबू सोरेन की 14 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह प्रतिमा सोना-सोबरन प्लस टू विद्यालय परिसर में स्थापित की जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर करीब 10 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
यह स्थल दादा सोबरन सोरेन के बलिदान स्थल के समीप स्थित है। प्रतिमा स्थापना और कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन में राज्य के मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री की चचेरी बहन एवं जिला परिषद सदस्य रेखा सोरेन ने बताया कि मुख्य आयोजन लुकैयाटांड़ में होगा, जबकि पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर ग्रामीण श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।
झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में प्रमुख चौक-चौराहों और पार्कों में श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि आम लोग भी दिशोम गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित कर सकें। जिला समितियां अपने-अपने स्तर पर प्रतिमा स्थापना और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित