पौड़ी , मई, 16 -- उत्तराखंड में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल और संचार व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार तथा सीडीओ अशोक जोशी ने सांसद और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। सांसद ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संकट बना रहता है, वहां टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा अधूरी पेयजल योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। जयहरीखाल क्षेत्र की पेयजल समस्याओं पर भी विशेष चर्चा हुई, जिस पर अधिकारियों को त्वरित सुधार कार्यों के निर्देश दिए गए।
उन्होंने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए पेयजल पंपिंग योजनाओं की अग्रिम तैयारी करने और एक माह के भीतर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा। वहीं, लैंडस्लाइड प्रभावित मोटर मार्गों की समीक्षा करते हुए बरसात से पूर्व संवेदनशील सड़कों पर सुधारीकरण कार्य पूरा करने तथा आपदा प्रबंधन के लिए मशीनरी और मानव संसाधन तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। गुमखाल-सतपुली मोटर मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित निजी परिसंपत्तियों के पुनर्सुधार कार्यों में तेजी लाने को भी कहा गया।
सांसद ने समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग को मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान लंबित मामलों का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण करने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया के कारण रुकी पेंशन के मामलों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण किया जाए तथा अभियान शुरू होने से पहले जनप्रतिनिधियों को सूचना उपलब्ध कराई जाए।
कृषि विभाग की समीक्षा में सांसद ने जनपद के एक ब्लॉक को ऑर्गेनिक खेती के मॉडल के रूप में विकसित करने की बात कही। इसके लिए थलीसैंण ब्लॉक को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चिन्हित करने तथा किसानों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों की उपलब्धता, आईसीयू, डायलिसिस सेवाएं, 108 एंबुलेंस संचालन और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा हुई। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कोटद्वार डायलिसिस सेंटर में अतिरिक्त बेड बढ़ाने की आवश्यकता उठाई, जिस पर सांसद ने पौड़ी और कोटद्वार दोनों डायलिसिस केंद्रों की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित