जौनपुर , अक्टूबर 14 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जौनपुर पैंथर्स ने रोमांचक मुकाबले में बदलापुर ब्लेजर्स को दो विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
दिव्य प्रकाश की आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। दिव्य प्रकाश को मैन ऑफ द सीरीज और आकाश तिवारी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, बदलापुर ब्लेजर्स के योगेश को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार मिला।
फाइनल मुकाबले में बदलापुर ब्लेजर्स के कप्तान अभिषेक यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 111 रन बनाए। बाल कृष्णा ने 40 गेंदों पर 29 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। योगेश यादव ने 17 गेंदों पर 21 रन, जबकि अखिल यादव और अजीत यादव ने 14-14 रन बनाए। जौनपुर पैंथर्स के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। 112 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जौनपुर पैंथर्स की टीम को बदलापुर ब्लेजर्स के गेंदबाजों ने कड़ी चुनौती दी। लगातार विकेट गिरने से मुकाबला रोमांचक हो गया, लेकिन दबाव के बीच दिव्य प्रकाश ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर टीम की उम्मीदों को कायम रखा। पैंथर्स ने 18.1 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और दो विकेट से जीत दर्ज करते हुए जेपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना, महाराष्ट्र के पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह, जेपीएल आयोजक अभिषेक सिंह और सेफाली बग्गा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और दर्शकों को अंतिम ओवरों तक रोमांच से भरपूर मुकाबला देखने को मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित