पटना , सितम्बर 27 -- पटना के रवीन्द्र भवन में निजी विद्यालय एवं बाल कल्याण संघ की ओर से आयोजित 14वें शिक्षक सम्मान समारोह-2026 के दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक दिव्यांग शिक्षक के प्रति आत्मीय व्यवहार समारोह में चर्चा का केंद्र बन गया।समारोह के बाद मंच से लौटते समय शिक्षा मंत्री की नजर नालंदा स्थित सरस्वती शिशु विद्या निकेतन के संचालक संजीव कुमार पर पड़ी। श्री कुमार दिव्यांग हैं। शिक्षा मंत्री स्वयं उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल जाना। इस दौरान दोनों के बीच कुछ देर आत्मीय बातचीत हुई।
बातचीत के दौरान श्री तिवारी ने संजीव कुमार से कहा, "आप मेरे सबसे अच्छे मित्र हैं।" शिक्षा मंत्री के इन आत्मीय शब्दों से श्री कुमार भावुक हो गए। आसपास मौजूद लोग भी इस आत्मीय संवाद के साक्षी बने।
इस दौरान समारोह में मानवीय संवेदना और अपनत्व का भाव देखने को मिला। शिक्षा मंत्री ने संजीव कुमार के प्रति जिस तरह आत्मीयता प्रदर्शित की, उसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
श्री तिवारी की इस पहल को व्यक्ति की शारीरिक स्थिति से परे उसकी प्रतिभा, समर्पण और मानवीय गरिमा के सम्मान के रूप में देखा गया। शिक्षा मंत्री और दिव्यांग शिक्षक के बीच हुई यह मुलाकात समारोह के यादगार क्षणों में शामिल हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित